Saturday, January 8, 2011

अंधी और बहरी सरकार के साथ नख-शिख विहीन विपक्ष

(सुनील) 7827829555

पता नहीं ये राजनीति लोगों को और क्या-क्या दिखाएगी। नित नए हो रहे आश्चर्यजनक खुलासों से आम आदमी दांतों तले अंगुलिया दबाने को मजबूर है। जनता अब यह सोचने को मजबूर है क्या यह वही सरकार है जिसे इतने विश्वास के साथ हमने चुना था। घोटालों और भ्रष्टाचार के नाम पर देश नए आयाम को छूने जा रहा है। हमारा देश तो अब इस मामले में नया इतिहास लिखने को तैयार है और इस बात की भी गुंजाइश है कि छात्रों को पुराने इतिहास की बजाय इस ताजातरीन इतिहास से अवगत कराया जाय। सरकार को जिस विश्वास के साथ जनता ने गद्दी सौंपी थी, वह देशाभिषेक के साथ ही धृतराष्ट्र हो गई। इतना ही नहीं इस धृतराष्ट्र ने तो अपने कान भी बंद कर लिए हैं। यानि यह सरकार अपने हाथों और पंजों का सही इस्तेमाल कर रही है। सबसे मजेदार बात यह है कि इस सरकार के साथ-साथ विपक्षी दलों की खासियत भी जग जाहिर होने लगी है। अंधी और बहरी सरकार के साथ जनता को गूंगे और ताकतविहीन विपक्ष का तोहफा मिला है। इसकी आवाज सरकार के नक्कारखाने में तूती बनकर रह गई है। जाहिर सी बात है कि विपक्ष की इस कमजोरी ने ही सरकार और उसके मंत्रियों के हौसले इतने बुलंद कर दिए है कि घोटाला करने का एक भी मौका नहीं छोडते। इस मामले में ये नई इबारत लिख रहे हैं। महंगाई ने किचन से अन्न गायब कर दिया और घोटालों ने देश से रुपया। यानी अब महमूद गजनवी अब अपने देश में ही पैदा हो रहे हैं तो दूसरे गजनवी को पढने की जरूरत क्या है। किसी समय बच्चों को सुनाई जाने वाली अंधेर नगरी चौपट राजा की कहानी भी बेमानी हो गई है। उस कहानी में टके सेर मिलने वाली भाजी और खाजा अब सोने की कीमतों से मुकाबला कर रहा है।

Thursday, January 6, 2011

तेरे और मेरे में बस इतना फर्क है

(सुनील) www.sunilvani.blogspot.com 7827829555


ऐ दोस्त तेरे और मेरे में बस इतना फर्क है
की तू जब चाहता है तब खाता है
और हमें जब मिल जाय तब खाते हैं.
ऐ दोस्त तेरे और मेरे में बस इतना फर्क है
की तू वो परिधान पहनता है,
जिसमे एक भी पैबंद न हो
और हम वो वस्त्र पहनते हैं
जिसमे दो-चार पैबंद न हो.
ऐ दोस्त तेरे और मेरे में बस इतना फर्क है
की तेरे पांव जमीन पे नहीं पड़ते
और हम मीलों यूँ ही निकल जाते हैं.
ऐ दोस्त तेरे और मेरे में बस इतना फर्क है
की तू अपने बूढ़े माँ बाप को ओल्ड एज होम में रखता है
और हम आज भी अपने रोम रोम में
ऐ दोस्त तेरे और मेरे में बस इतना फर्क है......

Monday, January 3, 2011

पति पत्नी मिलके कमात है, फिर भी....

(सुनील) 7827829555

अब तो पति पत्नी मिलके कमात है,
फिर भी बच्चा भूखे सोवत है.
किचेन में अब खाली डब्बा दिखत है,
बच्चा हमर भूखे सोवत है.
दूध-दही के नामों न निशानी,
अब तो माँ के छाती भी सुखत जात है.
नेता मंत्री तो खूबे मजा लेत है,
आम जन मरत जात है.
अब तो पति पत्नी मिलके कमात है,
फिर भी भर पेट नहीं भोजन मिलत है.

Saturday, December 25, 2010

वतन का खाया नमक तो नमक हराम बनो

(सुनील)

वतन का खाया नमक तो नमक हराम बनो
राजा और सुरेश कलमाडी जैसा बेईमान बनो
पराई नार और पराया धन पर जितना हो नजर डालो
एक नहीं कई नीरा को रातों रात बना डालो
जनता का पैसा है, इसे अपना समझ घर में घुसा डालो
कागजों और फाइलों का क्या है
जब चाहे गुम कर डालो
पैसे का खेल है,
छानबीन का तमाशा कर डालो
सीने पे ठोक के हाथ
अपने आप पे गुमां करो
सरकार और विपक्ष का क्या है,
एक ही थाली के चट्टे-बट्टे
खुद भी खाओ और इन्हें भी खिला डालो
क्योंकि
ये आदत तो वो आदत है,
जो रातों-रात अपना घर भरे दे, भर दे, भर दे रे..
कि कोई नया गेम शुरू करवा दो
बाकी लोगों को भी भ्रष्टाचार और घोटाले का मौका दो।

Thursday, December 23, 2010

तेरे हाथों में वो जादू है...

(सुनील) www.sunilvaniblogspot.com

प्याज को लेकर केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार की चुस्ती-फुर्ती देखकर मन गदगद हो गया। आनन- फानन में 400 सरकारी केंद्रों पर प्याज की ब्रिकी भी शुरू कर दी गई। लेकिन दिल्ली सरकार का यह कदम मन में एक डर पैदा कर रहा है। सुना है दिल्ली सरकार के हाथों में गजब का कमाल है, जिस चीज को वो बेचने का निर्णय कर लेती है, वो आम से खास हो जाती है और यही मेरे डर का कारण है। इस बात की चिंता मुझे लगातार सताए जा रही है कि प्याज भी कहीं खास न बन जाए और आम लोगों से दूर होकर केवल खास-खास थालियों में ही न दिखने लगे। पहले तो रोटी-दाल से हाथ धो लिया, अब ऐसा न हो कि रोटी-प्याज-नमक से भी हाथ धोना पडे। बडे-बूढे कहते हैं कि हमारी दिल्ली सरकार बहुत ही खास है। पहले आटा बेचना शुरू किया तो आटा महंगा हो गया, उसके बाद दाल बेचना शुरू किया तो लोगों की थालियों से दाल गायब हो गई। अब प्याज बेच रही है तो आम लोगों के किचन में बचेगा क्या। यही नहीं इनके नक्शे कदम पर डेयरीवाले भी हैं। जिन डेयरियों पर इन्हें बेचने का निर्णय किया जाता है वहां रातों-रात दूध महंगा हो जाता है। सरकारी केंद्रों पर सरकार द्वारा 40 रुपए प्याज बेचा जाना, क्या इस कीमत को सस्ता कहा जा सकता है और यदि नहीं तो हम सब सरकार के इस कदम को वाह-वाही क्यों दे रहे हैं। मातम मनाओ कि अब जल्द ही प्याज भी चंदा मामा जैसी दूर की चीज हो जायेंगे।

Monday, December 13, 2010

darane laga hain ye shahar

सुनील कुमार


डर लगने लगा है इस शहर से,

हर घडी, हर पहर में

राह चलते डराती हैं उनकी नजरें

बस अब तो हर चेहरे में

अपराधी और बदमाश ही नजर आता है मुझे।

भ्रष्टाचार, बलात्कार और अत्याचार,

बन गई है इस शहर की पहचान,

अब तो हर अपना भी,

अनजान लगने लगा है मुझे।

जिन गलियों में गुजरते थे बेवाकी से

शाम ढलते ही बेगाना सा हो जाता है

क्या बताऊं तुझे ऐ शहर

अब तो अपना दरवाजा भी बेगाना लगने लगा है मुझे

13दिसंबर

Tuesday, October 12, 2010

क्या इसी मनरेगा पर इतरा रही है सरकार

(सुनील) http://www.sunilvani.blogspot.com/
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना नाम से ही भव्यता झलकती है और इसी नाम पर सरकार अपनी पीठ भी थपथपाती रहती है लेकिन गांव-गांव और शहर-शहर तक इस योजना को पहुंचाने का दंभ भरने वाली सरकार की मनरेगा की सच्चाई कुछ और ही बयां कर रही है। कल सोनी चैनल पर शुरू हुए द ग्रेट अमिताभ बच्चन का शो 'कौन बनेगा करोडपति' ने इस योजना की असलियत को सामने ला दिया। अमिताभ बच्चन द्वारा पूछे गए एक सवाल 'नरेगा' योजना किस महान नेता के नाम से जुडा हुआ है। इस प्रश्न के चार ऑप्शन महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, राजीव गांधी और इंदिरा गांधी थे। प्रतियोगी को इस प्रश्न का उत्तर नहीं पता था। यहां तक तो ठीक था। उसने लाइफ लाइन का इस्तेमाल किया और एक्सपर्ट की राय ली। एक्सपर्ट ने भी संकोचपूर्वक जवाब दिया। हालांकि उनका जवाब सही था लेकिन हद तो तब हो गई जब केबीसी में बैठे अधिकांश दर्शकगणों में से महात्मा गांधी को केवल 9 फीसदी वोट मिला जबकि अधिकांश दर्शक जवाहर लाल नेहरू या फिर राजीव गांधी के पक्ष में थे। तो आप सोच सकते हैं कि सरकार की यह योजना कितनी घर-घर तक पहुंची हुई है और कितने लोग इस योजना से वाकिफ हैं। आप आप इस योजना की राज्यवार सफलता के बारे में आसानी से सोच सकते हैं।
सरकार की जय हो